बिछिया। टेंट का सामान लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्राली जरगांव-पर्डी मार्ग पर अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। हादसे में टेंट मालिक व मजदूर की मौत हो गई। वहीं ट्राली पर बैठे पांच मजदूर घायल हो गए। पुलिस के चार घंटे देरी से पहुंचने पर गुस्साए परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से जाम लगाकर हंगामा किया। सीओ के समझाने पर एक घंटे बाद जाम खुला। जाम से राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
अचलगंज थाना क्षेत्र के जगतखेड़ा मजरे नेवरना गांव निवासी विजय टेंट का कारोबार करता था। पुरवा कोतवाली के घूरखेत गांव निवासी बसंत ने बेटी की शादी के लिए विजय का टेंट बुक किया था। शुक्रवार दोपहर विजय ट्रैक्टर-ट्राली में टेंट का सामान लादकर मजदूरों के साथ पुरवा जा रहा था। जरगांव-पर्डी मार्ग पर जरगांव (लोन नदी) के पास अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर ट्राली समेत खंती में पलट गया। इससे अचलगंज के अरेड़ुवा गांव निवासी 15 वर्षीय मजदूर विकास की सीएचसी बिछिया व ट्रैक्टर चला रहे टेंट मालिक 45 वर्षीय विजय की जिला अस्पताल में मौत हो गई। मजदूर जगतखेड़ा गांव निवासी 17 वर्षीय मिथुन, 18 वर्षीय शुभम, 17 वर्षीय रामसुमेर, 15 वर्षीय शिवा व 12 वर्षीय अनूप घायल हो गए। शुभम व अनूप को सीएचसी बिछिया से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे के चार घंटे बाद पुलिस के पहुंचने से गुस्साए परिजनों ने बिछिया सीएचसी के सामने उन्नाव-पुरवा मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया पर परिजन हंगामा करते रहे। सीओ पुरवा पंकज सिंह व सीओ बीघापुर डीपी सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से बात की। मृत मजदूर विकास के पिता हरिश्चंद्र का आरोप है टेंट मालिक तेज रफ्तार में ट्रैक्टर चला रहा था। पुलिस अचानक ट्रैक्टर पलटने की तहरीर लेने का दबाव बना रही है। सीओ द्वारा रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के आश्वासन पर एक घंटे बाद जाम खुला। विकास की मौत पर मां रामवती, बड़े भाई आकाश, बहन शिवानी का रो-रोकर बुरा हाल है।
घायलों में अधिकतर मजदूर नाबालिग हैं। टेंट मालिक ने नाबालिगों को मजदूरी पर लगा रखा था। इसको लेकर कई तरह की चर्चाएं होती रहीं।
बिछिया सीएचसी गेट के बाहर जाम लगाए परिजनों व ग्रामीणों को समझाती पुलिस। संवाद- फोटो : UNNAO