उन्नाव। जमानत पर छूटकर आई पति की हत्यारोपी महिला और उसके मित्र को पुलिस ने ई रिक्शा चोरी में गिरफ्तार किया है।
बिहार थाना क्षेत्र में रहने वाली अनीता को वर्ष 2015 में पुलिस ने पति की हत्या में गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया था। जेल से छूटने के बाद अनीता की हरदोई बिलग्राम के चांदपुर गांव निवासी मुकेश से दोस्ती हो गई। 19 सितंबर 2021 को दोनों ने कचहरी से ई-रिक्शा बुक कराया। दही थाना क्षेत्र में स्टेडियम के पास ई-रिक्शा चालक काजीखेड़ा निवासी राकेश ई-रिक्शा खड़ाकर लघुशंका करने चला गया था। इसी दौरान ई-रिक्शा पर बैठी अनीता अपने दोस्त मुकेश की मदद से ई-रिक्शा चोरी कर निकल गई।
शनिवार को दही औद्योगिक क्षेत्र चौकी प्रभारी प्रशांत द्विवेदी ने आवास विकास तिराहा पुल के नीचे से अनीता व उसके दोस्त मुकेश को गिरफ्तार कर पूछताछ की। दोनों की निशानदेही पर चोरी गया ई-रिक्शा भी बरामद कर लिया। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से जेल भेजा गया है। पति की हत्या के बाद अनीता मायके रायबरेली के सरेनी थाना क्षेत्र के हिलौली चली गई थी। कुछ महीने वहां रुकने के बाद वहां से चली आई थी।