सफीपुर। घर से कुछ दूरी पर ट्यूबवेल की कोठरी में किसान का शव फंदे से गमछे के सहारे लटका मिला। पुलिस ने पारिवारिक कलह में आत्महत्या का अंदेशा जता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
कोतवाली क्षेत्र के देवगांव निवासी ललित (40) घर से 400 मीटर दूर जमलदीपुर गांव में स्थित खेत जाने की बात कहकर घर से निकला था। आसपास खेतों में काम कर रहे अन्य किसानों ने उसका शव ट्यूबवेल की कोठरी में लटका देखा। किसानों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन शव देख बदहवास हो गए। जांच करने पहुंची पुलिस ने पारिवारिक कलह में खुदकुशी की आशंका जता शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सीओ बीनू सिंह ने बताया कि परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। किसान की मौत पर पत्नी रेखा और दो बच्चों में अंजली (18) व विनय (16) का रो-रोकर बुरा हाल है।