चकलवंशी/उन्नाव। माखी थाना क्षेत्र में बाइक की टक्कर से बच्ची की मौत हो गई। सदर कोतवाली क्षेत्र में टैंकर ने महिला को कुचल दिया। दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
रऊकरना निवासी गुड्डू रावत की आठ वर्षीय इकलौती बेटी सगुन मवेशी चराने गई थी। मंगलवार शाम रऊकरना माइनर के पास से वह सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान उन्नाव की ओर जा रही बाइक ने उसे टक्कर मार दी। जिला अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत से मां बिटान व पिता गुड्डू का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से भाग निकला। वहीं, भौनीखेड़ा गांव निवासी शराफत की 40 वर्षीय पत्नी परवीन मंगलवार को अपने भाई सोनू के साथ बाइक से घर लौट रही थी। ललऊखेड़ा चौकी से पहले बेनीगंज के पास गड्ढे से बचने के लिए उसने बाइक घुमाई तो पहिया स्लिप कर गया। इससे बाइक में पीछे बैठी परवीन सड़क पर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे टैंकर ने उसे रौंद दिया। मौके पर उसकी मौत हो गई।