हसनगंज। थाना क्षेत्र में दो दिन पहले हुई मारपीट में युवक की मौत पर पुलिस ने 17 लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
अमोइया गांव में 29 अगस्त को जमीन पर कब्जेदारी के विवाद में चंदन व हसेवा गांव निवासी रमाकांत अवस्थी में जमकर मारपीट हुई थी। एक पक्ष से चंदन व अजय घायल हुए थे। दूसरे पक्ष से रमाकांत अवस्थी, अजय, विनोद, सूरज व शिवम गंभीर रूप से घायल हुए थे। रमकांत समेत उनके पक्ष के अन्य लोगों को ट्रामा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया गया था। 30 अगस्त को इलाज के दौरान रमाकांत की मौत हो गई थी। मृतक के भाई अजय की तहरीर पर पुलिस ने दूसरे पक्ष के चंदन सिंह, अजय सिंह, शमशेर, देशराज, प्रभात, प्रदीप सिंह, संजय सिंह, विजय कल्लू, राघवेंद्र, राजेंद्र, लल्लन, संतोष अवस्थी, रणजीत, शिवभोला, वासुदेव, पवन सिंह समेत 17 लोगों पर हत्या, बलवा, हत्या का प्रयास, मारपीट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी चंदन, देशराज, प्रभात, राघवेंद्र व राजेंद्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहां से जेल भेजा गया है।