परिजनों के साथ मौजूद दो दिन पहले लापता हुआ किशोर।
- फोटो : UNNAO
बांगरमऊ। रहस्यमय हालात में लापता किशोर तीसरे दिन नाटकीय ढंग से सकुशल घर पहुंच गया। उसने परिजनों के अलावा पुलिस को जो कहानी बताई वह किसी के गले नहीं उतर रही है। उसने दुकान खोलने के दौरान वैन सवार तीन अज्ञात लोगों द्वारा चेहरे पर नशीला स्प्रे डालकर उसे वैन से अगवा करने की जानकारी दी। बताया कि कार सवार उसे इलाहाबाद ले गए। जहां से वह उन्हें चकमा देकर भाग निकला और प्रतापगढ़ पहुंच गया, जहां से राजा भैया ने उसे ट्रक से भेजवाया। दुकान से गायब एक लाख रुपये वैन सवारों द्वारा छीन लेने की बात बताई है। पुलिस ने कहानी को मनगढ़ंत बता जांच शुरू की है।
नगर के मोहल्ला तकिया निवासी नीरज गुप्ता का 15 वर्षीय पुत्र दुष्यंत सोमवार सुबह अपनी हार्डवेयर की दुकान खोलने घर से निकला था। कुछ देर बाद पिता दुकान पहुंचा तो बेटा लापता मिला। शटर के ताले खुले व गोलक में रखी 1 लाख की नगदी गायब मिली। नीरज की सूचना पर पुलिस ने किशोर की तलाश शुरू की। एसपी के निर्देश पर स्वॉट व सर्विलांस टीम ने भी किशोर की तलाश में जांच शुरू की। अभी पुलिस टीमें जांच कर ही रहीं थी कि बुधवार सुबह किशोर दुष्यंत नाटकीय ढंग से घर पहुंच गया। बेटे के घर लौटने की जानकारी पिता नीरज ने पुलिस को दी।
कोतवाल भावनाथ चौधरी को किशोर ने बताया कि सोमवार को वह अपनी हार्डवेयर की दुकान खोल ही रहा था कि काली वैन उसकी दुकान पर आकर रुकी। वैन से उतरे नकाबपोश तीन लोगों ने पीछे से उसके चेहरे पर नशीला स्प्रे डाल दिया और उसे वैन में डाल लिया। इलाहाबाद टोल प्लाजा पर उसकी आंख खुली पर उसने होश आने का किसी को एहसास नहीं होने दिया। कुछ दूर पर अगवा करने वालों ने चाय की दुकान पर वैन रोकी और उतरकर चाय पीने लगे। इसी दौरान वह मौका पाकर वैन से कूदकर भाग निकला और पास के जंगल में छिप गया। वहां से एक ट्रक में बैठकर प्रतापगढ़ पहुंचा और राजा भैया को घटना की जानकारी दी।
उन्होंने एक ट्रक में बैठलवाकर उसे बांगरमऊ भेजा। ट्रक चालक ने उसे बांगरमऊ बाईपास स्थित कल्याणी नदी पुल पर उतार दिया। जहां से वह पैदल घर पहुंच गया। किशोर ने अगवा करने वालों लोगों पर दुकान के गोलक से एक लाख रुपये निकालने का आरोप लगाया है। कोतवाल भावनाथ चौधरी ने बताया कि किशोर की कहानी पूरी तरह मनगढ़ंत लग रही है। इलाहाबाद जाने के दौरान रास्ते में पड़ने वाले कुछ टोल प्लाजा पर जांच भी कराई गई पर सोमवार से मंगलवार के बीच कोई काले रंग की वैन नहीं निकली। उसने राजा भैया का नाम लिया है। उनसे भी जानकारी लेने की कोशिश की जा रही है। वहीं, बच्चे के घर लौटने पर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।