प्रधानमंत्री के वर्चुअल संवाद में मौजूद उद्यमी। संवाद
- फोटो : UNNAO
अचलगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न क्षेत्रों के निर्यातकों के साथ वर्चुअल संवाद किया। इसमें विभिन्न देशों में तैनात 141 राजदूत और 15000 निर्यातक जुड़े। प्रधानमंत्री ने कोविड संक्रमणकाल में अर्थव्यवस्था में आई गिरावट को मजबूत करने के लिए निर्यातकों से सहयोग मांगा। दो घंटे चले कार्यक्रम में कानपुर व उन्नाव के निर्यातकों से संवाद नहीं हो पाया।
औद्योगिक क्षेत्र बंथर स्थित केएलसी कांप्लेक्स के ऑडिटोरियम में प्रधानमंत्री के वर्चुअल संवाद का सीधा प्रसारण किया गया। इसमें और मध्य क्षेत्र के निर्यातक समूह में शामिल कानपुर व उन्नाव के उद्यामियों ने भाग लिया। प्रधानमंत्री ने निर्यातकों से संवाद करते हुए देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने व निर्यात को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा की। बताया कि निर्यात बढ़ाने के लिए वाणिज्य विभाग ने इस वर्ष 400 मिलियन डॉलर का लक्ष्य रखा है। प्रधानमंत्री ने इसमें सभी निर्यातकों से सहयोग मांगा। कहा कि सभी को मिलकर इस लक्ष्य को पूरा करना है। प्रधानमंत्री ने विदेशी कंपनियों के साथ साझेदारी करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि हमसे ज्यादा आप लोग इस क्षेत्र के जानकार हैं। आप सभी ने निर्यात के लिए जो प्रतिबद्धता दिखाई वह प्रशंसनीय है। हमारी दुनिया के हर हिस्से में व्यापारिक हिस्सेदारी रही है। जिसे वापस पाने के प्रयास करने होंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें नए अवसरों का लाभ उठाने के लिए पूरी ताकत लगानी है। अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए चार मंत्र आवश्यक हैं। उन्नत टेक्नालॉजी की ओर जाना पड़ेगा। निर्यात बढ़ाने के लिए उत्पाद कई गुना बढ़ाना पड़ेगा। गुणवत्ता पर ध्यान देना होगा। परिवहन संबंधी दिक्कतें भी दूर करनी पड़ेंगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य सरकारें भी कंधे से कंधा मिला कर चलें। तभी भारतीय उत्पाद के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहुंच बनेगी। तभी लोकल ग्लोबल बनेगा। इससे मेक इन इंडिया का सपना भी पूरा होगा। शाम 6 से 8 बजे तक चले इस कार्यक्रम में कानपुर व उन्नाव के निर्यातकों से संवाद नहीं हो पाया। कार्यक्रम को विदेश मंत्री ए जयशंकर, अक्षिण अफ्रीका के राजदूत जयदीप सरकार, यूएई के राजदूत पवन दीप, यूएसए के करन सिंह ने भी संबोधित किया। उन्नाव से वर्चुअल संवाद में निर्यातक समूह मध्य क्षेत्र के चेयरमैन मुखतारुल अमीन, जावेद इकबाल, राकेश शूरी, ओपी पांडेय, असद ईराकी, पल्लवी दुबे, तहरीक हुसैन शामिल हुए।