उन्नाव: मीडिया कर्मी से मारपीट व धमकी देने का मामला
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव जिले के आसीवन में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए शनिवार को मतदान के दौरान मीडिया कर्मियों से हुई मारपीट व धमकी के मामले में अलग-अलग तहरीर पर पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज की है। पहली तहरीर के आधार पर 20-25 अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज हुई है।
दूसरी तहरीर में कार नंबर के आधार पर गाली-गलौज समेत अन्य धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने लखनऊ रजिस्ट्रेशन नंबर की दो कारें कब्जे में ली हैं। सीडीओ के साथ मीडिया कर्मी से मारपीट करने वाले के खिलाफ रविवार देर शाम तक तहरीर नहीं दी गई।
पुलिस ने तहरीर मिलने पर कार्रवाई की बात कही है। पुलिस ने पहली रिपोर्ट मारपीट के शिकार कृष्णा तिवारी की तहरीर पर दर्ज की है। इसमें उसने दो लग्जरी कार सवार लोगों पर आरोप लगाया है कि शनिवार को कवरेज के दौरान दो कारों से 20-25 अज्ञात लोग उतरे और मारपीट गालीगलौज करते हुए मोबाइल तोड़ दिए।
आरोपियों ने कार में खींचने का भी प्रयास किया। गोली मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बलवा, मारपीट, गालीगलौज, जान से मारने की धमकी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों की दो कारें भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं।