दूबेपुर में स्थापित पंजीरी मशीन।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। दूबेपुर विकास खंड में आंगनबाड़ी केंद्र के लाभार्थियों को पंजीरी वितरण के लिए स्थापित प्रोजेक्ट से उत्पादन शुरू हो गया है। पंजीरी का नमूना पास होने के बाद लाभार्थियों में उसका वितरण शुरू हो जाएगा। विकास विभाग ने नमूना जांच के लिए भेज भी दिया है।
आंगनबाड़ी केंद्र के लाभार्थियों को पुष्टाहार के रूप में पंजीरी वितरण के लिए दूबेपुर क्षेत्र में राष्ट्रीय आजीविका मिशन के समूह की महिलाओं की ओर से करीब 40 लाख रुपये का प्रोजेक्ट शासन के सहयोग से लगाया गया है। अप्रैल माह के अंतिम समय में टेस्टिंग के बाद मशीन का संचालन शुरू कर दिया गया। समूह की महिलाओं की ओर से प्रोजेक्ट से पैकेट में पंजीरी बनाई जा रही है लेकिन अभी तक इसका वितरण शुरू नहीं हो सका है। अधिकारियों के मुताबिक प्रोजेक्ट से तैयार पंजीरी का नमूना जांच के लिए लखनऊ भेजा गया है। पहले यह नमूना दक्षिण भारत भेजा जाना था। डीसी एनआरएलएम जीतेंद्र मिश्र के मुताबिक जांच में नमूना पास होने के बाद ही आंगनबाड़ी केंद्रों को पंजीरी का वितरण शुरू कर दिया जाएगा।
दूबेपुर व कुड़वार आंगनबाड़ी केंद्रों को होगी आपूर्ति
दूबेपुर में स्थित प्रोजेक्ट से तैयार पंजीरी का वितरण दो ब्लॉकों के आंगनबाड़ी केंद्रों को किया जाएगा। परियोजना के प्रबंधक नीरज ने बताया कि इसमें दूबेपुर के साथ कुड़वार विकास खंड क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों को पंजीरी की आपूर्ति की जाएगी। अन्य विकास खंडों के लिए दूसरी जगहों पर प्रोजेक्ट लगाने की तैयारी चल रही है।