बझना गांव में बिलखते परिवारीजन।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। गुजरात से घर पहुंचे पति का पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद पत्नी बच्चों के संग अलग कमरे में सो गई। देर रात पति ने लोहे के रॉड से प्रहार कर पत्नी की हत्या कर दी और उसके शव के पास ही बैठा रहा। मंगलवार की सुबह पति ने हत्या की सूचना ग्राम प्रधान को दी। प्रधान से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
यह घटना बझना गांव में हुई। इस गांव का रहने वाला गंगाराम पाल उर्फ छोटे कई साल से गुजरात में काम कर रहा था। बीच-बीच में वह गांव आता-जाता रहता था। गांव में उसकी पत्नी रीमा (35) अपने बेटे अंश (14), अर्पित (8) और बेटी अंकिता (12) के साथ रहती थी। सोमवार की शाम गंगाराम गुजरात से घर पहुंचा। पुलिस के मुताबिक घर पर गंगाराम का पत्नी रीमा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद के बाद रीमा तीनों बच्चों के साथ बिना भोजन किए ही अलग कमरे में सोने चली गई। गंगाराम देर रात नींद से जागा और घर में रखे एक लोहे के रॉड से सोते समय रीमा के सिर पर प्रहार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। रात भर गंगाराम पाल घर में ही मौजूद रहा। मंगलवार की सुबह गंगाराम ने हत्या की सूचना ग्राम प्रधान को दी। ग्राम प्रधान ने जयसिंहपुर कोतवाल केके सिंह को बताया। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर गांव पहुंचे और आरोपी गंगाराम को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल रॉड को बरामद कर लिया।
आठ वर्ष पूर्व गंगाराम ने की थी बहनोई की हत्या
पत्नी के हत्या के आरोपी गंगाराम पाल ने आठ वर्ष पूर्व गुजरात के सूरत शहर में अपने बहनोई की हत्या कर दी थी। हत्या के आरोप में करीब तीन साल तक वह जेल की सजा काट चुका है। चार वर्ष पूर्व आरोपी ने अपना गला रेतकर खुदकुशी करने का प्रयास भी किया था लेकिन समय से उपचार होने की वजह से वह बच गया था।