सुल्तानपुर। कुड़वार के ग्राम पंचायत मनियारी में कार्यरत पंचायत सचिव रूबी साहू पर परिवार रजिस्टर का पन्ना फाड़कर और उसमें हेरफेर कर दूसरा पन्ना चिपकाने का आरोप लगा था। सीडीओ के निर्देश पर चार अधिकारियों से डीपीआरओ ने जांच करवाई थी।
जांच में परिवार रजिस्टर से पन्ना फाड़े जाने और दूसरा पन्ना चिपकाकर उसमें हेरफेर कर गड़बड़ी किए जाने के मामले की पुष्टि हुई थी। डीएम की संस्तुति पर मंगलवार को जिला पंचायतराज अधिकारी आरके भारती ने मनियारी की ग्राम पंचायत अधिकारी रूबी साहू को निलंबित करते हुए उन्हें अपने कार्यालय से संबद्ध कर दिया।
इसी तरह कूरेभार की कनौली ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास को अपात्रों को दिए जाने की शिकायत पर परियोजना निदेशक ने जांच की थी। जांच में 59 प्रधानमंत्री आवास अपात्रों को दिए जाने के मामले की पुष्टि हुई।
इसके साथ ही मनरेगा से 90 दिन दिए जाने वाले मजदूरी अंश के भुगतान में भी गड़बड़ी पाई थी। डीएम रवीश गुप्ता की संस्तुति के बाद डीपीआरओ ने कनौली के सेक्रेटरी सुरेंद्र कुमार को भी निलंबित कर दिया। डीपीआरओ ने डीएम की संस्तुति पर कूरेभार बीडीओ को सेक्रेटरी सुरेंद्र कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया है।