जयसिंहपुर (सुल्तानपुर)। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर ने कार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार के परखचे उड़ गए। कार में सवार स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया में कार्यरत असिस्टेंट मैनेजर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पत्नी व बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एक्सप्रेस-वे के एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है।
आजमगढ़ जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लालगंज निवासी अनूप कुमार गुप्ता (40) कोलकाता स्थित स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वह बुधवार सुबह लालगंज से पत्नी स्मिता (38) और पुत्र अपूर्व (6) के साथ कार से दिल्ली जाने के लिए निकले थे। कार सवार दंपती पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जा रहे थे।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के परसा गांव के समीप उल्टी दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से उनकी कार में टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार के परखचे उड़ गए। हादसे के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के कर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए और कार में फंसे लोगों को दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला।
हादसे में अनूप कुमार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पत्नी व बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। कर्मचारियों ने एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल भेजा। हादसे की जानकारी के बाद जयसिंहपुर कोतवाली में तैनात उप निरीक्षक नरेंद्र बहादुर सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है।
दुर्घटना की सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंचे मृतक के चचेरे भाई सौरभ गुप्ता ने बताया कि अनूप कुमार गुप्ता कोलकाता में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। उनका तबादला दिल्ली हो गया था।
दिल्ली तबादला होने के बाद वह कोलकाता से अपने परिवार के साथ शनिवार को पैतृक गांव लालगंज आए थे। बुधवार सुबह दिल्ली में नौकरी ज्वॉइन करने के लिए घर से निकले थे, तभी यह हादसा हो गया।