भदैंया (सुलतानपुर)। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के प्रतापगढ़ जिले की सीमा के नजदीक कुछ बदमाशों ने रविवार शाम चिकित्सक के अपहरण की कोशिश की थी। आसपास के लोगों की सक्रियता से अपहरण का प्रयास विफल हो गया था। अपहरण का पता चलने पर सक्रिय हुई कोतवाली देहात व शिवगढ़ थाने की पुलिस ने सोमवार रात पांच बदमाशों को पकड़ा। इस दौरान हुई मुठभेड़ में एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। कड़ी सुरक्षा के बीच उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से असलहे, कारतूस व घटना में इस्तेमाल की कई वैन पुलिस ने बरामद की है।
प्रतापगढ़ जिले के कंधई हनुमानगंज कोतवाली के कस्तूरीपुर निवासी डॉ. विनोद यादव की क्लीनिक शिवगढ़ कोतवाली के जूड़ापट्टी गांव में मदाफरपुर रोड पर मोबाइल टावर के बगल हैं। रविवार देर शाम वे अपनी क्लीनिक बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। प्रतापगढ़- मदाफरपुर मोड़ पर पहुंचते ही एक वैन के साथ खड़े पांच बदमाशों ने उन्हें जबरन रोक लिया। असलहे के जोर पर उन्हें अपनी वैन में बैठाने की कोशिश बदमाश करने लगे। तभी रास्ते से गुजर रहे कुछ लोग तनावपूर्ण स्थिति देखते हुए रुक गए।
लोगों के रुकने के बाद बदमाश डॉ. विनोद को वहीं छोड़कर फायरिंग करते हुए वैन से शंभूगंज की तरफ भाग निकले। चिकित्सक ने इसकी सूचना घर पर दी। उनके पिता शीतला यादव ने शिवगढ़ कोतवाली को घटना की जानकारी दी। घटना के दूसरे दिन सोमवार की रात मुखबिर की सूचना पर शिवगढ़, कोतवाली देहात व लंभुआ थाने की पुलिस ने घेराबंदी की। देर रात शंभूगंज के पास एक वैन को पुलिस ने रोका। वैन में पांच लोग मौजूद थे। उनके पास से असलहे व कारतूस भी मिले।
वैन पर सवार अमेठी जिले के संग्रामपुर कोतवाली के गंगापुर निवासी लक्ष्मीकांत तिवारी ने बताया कि उसने असलहा पास में ही कहीं छिपाकर रखा है। उसकी निशानदेही पर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी लक्ष्मीकांत पुलिस टीम पर फायर कर भागने लगा। जवाबी फायरिंग में उसके पांव में गोली लगी। इससे वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर ने बताया कि मुख्य आरोपी लक्ष्मीकांत के अलावा रामप्रकाश कोरी व सूरज कुमार निवासीगण खेतकुरी मनभावना थाना धम्मौर के पास से भी एक-एक असलहा व कारतूस मिले हैं। उनके साथ धम्मौर थाने के ही देवराहर निवासी राजकुमार कोरी व अरविंद कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। ये सभी चिकित्सक के अपहरण की वारदात में शामिल थे।
प्रतापगढ़ का हिस्ट्रीशीटर है लक्ष्मीकांत
पुलिस पर फायरिंग का मुख्य आरोपी लक्ष्मीकांत तिवारी प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। उसके खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। जबकि रामप्रकाश के खिलाफ भ कई आपराधिक केस चल रहे हैं।