बल्दीराय (सुल्तानपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र से गुजरे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर डीह गांव के पास मंगलवार सुबह एक जीप का टायर अचानक फट गया। इससे जीप सड़क के बीचोबीच खड़ी हो गई। उसी समय जीप पर सवार लोग नीचे उतर गए। इसी बीच पीछे से जा रही दो कारें एक के बाद एक जीप से टकरा गईं। दुर्घटना में जीप से उतरे एक अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई।
जौनपुर जिले के शाहगंज कोतवाली अंतर्गत रामपुर निवासी मो. अरमान मंगलवार सुबह जीप से सीताराम पाल (45), सम्राती पाल, कस्तूरबा देवी व सुनीता देवी को लेकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से लखनऊ की ओर जा रहा था। जीप अरमान चला रहा था। बल्दीराय थाना क्षेत्र के डीह गांव के पास पहुंचते ही अचानक जीप का दाहिना टायर फट गया। इसके बाद चालक जीप को बीच रोड पर खड़ा कर टायर देखने लगा। उसके साथ ही सीताराम भी जीप से नीचे उतरे थे। तभी पीछे से आ रही एक कार ने जीप को टक्कर मार दी।
कार के पीछे दूसरी इनोवा कार भी जीप से टकरा गई। इस दौरान सीताराम पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद उन्हें अयोध्या जिले के पिठला अस्पताल कुमारगंज भेजा गया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी रामचंद्र वर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को ट्रैक से हटाया गया है। बल्दीराय पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है।