सुल्तानपुर। उत्तर रेलवे के जीएम आशुतोष गंगल बुधवार दोपहर स्पेशल ट्रेन से सुल्तानपुर-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक का विंडो इंस्पेक्शन करते हुए सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। जीएम ने स्थानीय रेलवे अधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने वरुणा एक्सप्रेस व मेमू का संचालन जल्द शुरू होने की उम्मीद जताई। कहा कि रेलवे बोर्ड से संचालन की स्वीकृति मिलने के बाद वरुणा एक्सप्रेस की स्पीड बढ़ाई जाएगी ताकि यात्री समय से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। निरीक्षण के बाद जीएम स्पेशल ट्रेन से वाराणसी के लिए रवाना हुए। कोइरीपुर रेलवे स्टेशन के पास पीली नदी के पुल पर बने ब्रिज का भी जीएम ने निरीक्षण किया।
बुधवार की दोपहर करीब 12:40 बजे उत्तर रेलवे के जीएम आशुतोष गंगल प्रतापगढ़ से स्पेशल ट्रेन से रेल ट्रैक व विद्युतीकरण का विंडो इंस्पेक्शन करते हुए सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। प्लेटफार्म नंबर एक पर ट्रेन के रुकने के बाद जीएम ने स्थानीय रेल अधिकारियों से स्टेशन की विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। रेलवे स्टेशन के अधिकारियों ने यात्री समस्याओं को लेकर वरुणा एक्सप्रेस व मेमू समेत अन्य ट्रेनों का संचालन बंद होने के बारे में जीएम को बताया। इस पर जीएम ने कहा कि वरुणा एक्सप्रेस का संचालन जल्द शुरू होगा। इसका प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को दिया गया है। रेलवे बोर्ड से संचालन की स्वीकृति मिलने के बाद इस बार वरुणा एक्सप्रेस की स्पीड बढ़ाई जाएगी। इससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी। साथ ही सुल्तानपुर-लखनऊ मेमू के संचालन के बारे में जीएम ने स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना से पुराना शेड्यूल लिया। उन्होंने मेमू के भी जल्द संचालन की उम्मीद जताई।
जीएम ने बताया कि रायबरेली-अमेठी रेल पथ पर दोहरीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। जल्द ही उस रूट पर भी ट्रेनों का संचालन सुगम होगा। स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना ने बताया कि सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन से निकलने के बाद जीएम ने सुल्तानपुर-वाराणसी रेल खंड पर कोइरीपुर रेलवे स्टेशन के पास पीली नदी पर स्थित ब्रिज का निरीक्षण किया। पीली नदी पर बने ब्रिज से अभी ट्रेनें कॉशन पर रवाना की जाती हैं। ब्रिज का जीर्णोद्धार किया जाना है। ब्रिज का निरीक्षण करने के बाद जीएम वाराणसी के लिए रवाना हो गए। स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान सीएमआई ज्योति स्वरूप, रईस अहमद, केशव गुप्ता, सुरेश चंद्र द्विवेदी, एसके प्रजापति, जीआरपी थानाध्यक्ष अनूप वर्मा, आरपीएफ थाना प्रभारी प्रेम सिंह खटाना समेत अन्य कई लोग मौजूद रहे।
यूआरएमयू ने किया जीएम का स्वागत
सुल्तानपुर। उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन के शाखा मंत्री पंकज दुबे के अगुवाई में रेल कर्मचारियों ने सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे जीएम आशुतोष गंगल को बुके देकर स्वागत किया। इस दौरान रेलवे कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर मांग पत्र भी सौंपा। रेलवे के जीएम ने समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। इस मौके पर केके सिंह, राम लखन यादव, मुकेश कुमार, राम विलास, राय साहब, धीरज मिश्र, एस बी सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।