सुल्तानपुर। उच्च शिक्षण संस्थानों ने टैबलेट व स्मार्टफोन जिला मुख्यालय से प्राप्त कर लिए लेकिन 3087 विद्यार्थियों को वितरित नहीं किए। डीजी शक्ति पोर्टल पर वितरण की संख्या शून्य होने पर क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी ने कॉलेजों को पत्र जारी किया है।
युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त करने के लिए प्रदेश सरकार ने टैबलेट व स्मार्टफोन वितरण की योजना लागू की है। डीजी शक्ति पोर्टल पर 91,865 विद्यार्थियों का डेटा जिले से अपलोड हुआ था। इसमें से 88,422 विद्यार्थियों का डेटा प्रमाणित हुआ है। पहले चरण में 25,392 विद्यार्थियों के लिए टैबलेट व स्मार्टफोन आवंटित किए गए लेकिन उच्च शिक्षण संस्थानों की ओर से इसके वितरण में लापरवाही बरती गई। शुक्रवार की शाम तक 20 शिक्षण संस्थानों के 3087 विद्यार्थियों को टैबलेट व स्मार्टफोन नहीं मिल पाया है। सह जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. आरजे मौर्य ने बताया कि जिन उच्च शिक्षण संस्थानों में टैबलेट व स्मार्टफोन का वितरण नहीं हुआ है, वहां के प्राचार्यों को फोन कर जल्द वितरण करने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से अवगत कराए जाने के बाद क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार श्रीवास्तव ने दो दिन के अंदर टैबलेट व स्मार्टफोन वितरण कराते हुए डीजी शक्ति पोर्टल पर सूचना अपलोड कराने का निर्देश महाविद्यालयों को दिया है। उन्होंने कहा है कि टैबलेट व स्मार्टफोन वितरण शासन की महत्वाकांक्षी योजना है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता अपेक्षित नहीं है। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी ने डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति को भी पत्र भेजकर महाविद्यालयों को अपने स्तर से निर्देशित करने के लिए कहा है।