सुल्तानपुर। अयोध्या-प्रयागराज रेल ट्रैक पर कूरेेेेभार के पास स्थित परवर-सिसौली क्रॉसिंग पर मंगलवार को सुबह सात से शाम सात बजे तक 12 घंटे का मेगा रोड ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान परवर-सिसौली सड़क यातायात पूरी तरह से बंद रखा जाएगा। रोड ब्लॉक लेकर रेलपथ के मरम्मत समेत अन्य कार्य किए जाएंगे।
रेलवे की ओर से अब अयोध्या-प्रयागराज रेलपथ को सुधारा जा रहा है। पिछले दिनों टेढुई रेलवे क्रॉसिंग पर ब्लॉक लेकर ट्रैक की मरम्मत का कार्य किया गया था। इसी कड़ी में मंगलवार को कूरेभार ब्लॉक के निकट स्थित परवर-सिसौली संपर्क मार्ग पर स्थित क्रॉसिंग संख्या-27सी पर रेलवे की ओर से रोड ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान परवर से सिसौली मार्ग पर सड़क यातायात पूरी तरह से बंद रहेगा। मंगलवार को सुबह सात बजे से लेकर शाम सात बजे रेलवे क्रॉसिंग बंद करके रेल पथ की मरम्मत, सिग्नल सेक्शन समेत अन्य कार्य किए जाएंगे।
इस दौरान टीभापुर, छोटा दुबेपुर, जूड़ापट्टी गांव पर सड़क यातायात बंद रहेगा। इन गांव के लोगों को दूबेपुर बड़ागांव संपर्क मार्ग से करीब चार किमी घूमकर आवागमन करना पड़ेगा। रोड ब्लॉक से ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी होगी। सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेलपथ द्वितीय एसके प्रजापति ने बताया कि रोड ब्लॉक की सूचना जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को दी गई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए आरपीएफ को भी पत्र लिखा गया है।