सुल्तानपुर। नगर पालिका में एलईडी लाइटों की खरीद में हुई 85.25 लाख की अनियमितता की जांच चल रही है। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट केेे नेेतृत्व में गठित चार सदस्यीय टीम ने नगर पालिका के स्टोर रूम की जांच की।
खरीदी गई एलईडी लाइटों के स्टॉक की जांच में हैवेल्स कंपनी के 90 वाट की 219 एलईडी लाइटें मिली। इसके बाद जांच टीम ने नगर पालिका को नोटिस जारी कर पोलवार स्थापित लाइटों की जानकारी मांगी थी।
नगर पालिका की ओर से पोलवार के बजाय वार्डवार लाइटों की डिटेल दे दी। टीम ने नगर पालिका को रिमाइंडर जारी कर पोलवार स्थापित लाइटों की डिटेल मांगी है।
सीताकुंड वार्ड के सभासद डॉ. संतोष सिंह की शिकायत पर नगर पालिका में एलईडी लाइटों की खरीद में 85.25 लाख की वित्तीय अनियमितता की रिपोर्ट एडीएम एफआर उमाकांत त्रिपाठी ने डीएम को दी थी। अपर जिलाधिकारी की संस्तुति पर डीएम ने कार्रवाई के लिए आख्या शासन को प्रेषित की।
इसके साथ ही जांच के लिए चार सदस्यीय टीम का गठन कर दिया गया। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट राम अवतार के नेतृत्व में गठित टीम ने नगर पालिका के स्टोर रूम का निरीक्षण किया।जांच टीम में शामिल तहसीलदार सदर जितेंद्र गौतम ने बताया कि नगर पालिका के स्टोर रूम के स्टाक की जांच में हैवेल्स कंपनी की 219 एलईडी लाइटें मिली।
भौतिक सत्यापन के लिए पालिका से पोलवार स्थापित एलईडी लाइट का ब्यौरा मांगा गया था। पालिका ने वार्डवार आवंटित एलईडी लाइटों की संख्या उपलब्ध कराई है। रिमाइंडर जारी कर पोलवार स्थापित लाइटों का ब्यौरा मांगा गया है।