सुल्तानपुर। मकान की कब्जेदारी के विवाद में सभासद के समर्थन में सोमवार को कांग्रेसी नगर कोतवाली में धरना पर बैठ गए। कांग्रेसियों का कहना है कि सभासद की तहरीर पर भी विपक्षी के खिलाफ केस दर्ज किया जाए और प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जाए।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा की अगुवाई में कांग्रेसी सोमवार को नगर कोतवाली पहुंच गए और सभासद की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगे। देर शाम तक नगर कोतवाल राम आशीष उपाध्याय समेत कोतवाली के अधिकारी व अफसर मामले को रफा-दफा करने में जुटे रहे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि मकान के कब्जे को लेकर मकान मालिक व विक्रेता के रिश्तेदार के बीच विवाद हुआ था, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभासद सज्जाद हुसैन के ऊपर केस दर्ज किया है।
कांग्रेस की मांग है कि सभासद की तहरीर पर भी केस दर्ज कर मामले की सही विवेचना की जाए। देर शाम नगर कोतवाल ने केस दर्ज करने का आश्वासन दिया तो जिलाध्यक्ष ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ धरना समाप्त किया। धरने में युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुब्रत सिंह सनी, एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष मानस तिवारी, युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव शकील अंसारी, जिलाध्यक्ष वरुण मिश्रा, शहर अध्यक्ष नौशाद हुसैन खान समेत कई कांग्रेसी शामिल रहे।