सुल्तानपुर। धनपतगंज ब्लॉक मुख्यालय पर हुई मारपीट के मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट के विशेष जज पीके जयंत ने इसौली के पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह सोनू, उनके ब्लॉक प्रमुख भाई यशभद्र सिंह मोनू पर नोटिस तामील कराने का आदेश पुलिस को दिया है। मामले में अगली सुनवाई 13 फरवरी को होगी। मामला कूरेभार थाने से जुड़ा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह, उनके पति शिवकुमार सिंह अपने समर्थकों के साथ पांच फरवरी 2016 को सपा प्रत्याशी नीलम कोरी का ब्लॉक प्रमुख के लिए पर्चा दाखिल कराने के लिए धनपतगंज गए थे।
आरोप है कि उन पर ब्लॉक गेट के पास इसौली के पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह, उनके ब्लॉक प्रमुख भाई यशभद्र सिंह मोनू ने अपने समर्थकों के साथ हमला कर दिया था। मामले में पूर्व विधायक समेत पांच पर केस दर्ज किया गया था।
पूर्व विधायक व ब्लॉक प्रमुख को एमपी-एमएलए कोर्ट से सशर्त जमानत मिली थी। जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह के अधिवक्ता संतोष पांडेय ने बताया कि पूर्व विधायक व ब्लॉक प्रमुख की जमानत निरस्त करने के लिए अर्जी दी गई है। स्पेशल जज एमपी-एमएलए पीके जयंत ने पूर्व विधायक व ब्लॉक प्रमुख पर नोटिस तामील कराने का आदेश पुलिस को दिया है।