सुल्तानपुर। वाराणसी से लखनऊ वाया सुल्तानपुर संचालित होने वाली दैनिक वरुणा एक्सप्रेस व मेमू के दोबारा संचालन के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद मेनका गांधी ने रेलवे बोर्ड के चेयरमैन को पत्र लिखा है।
पत्र में सांसद ने लखनऊ व वाराणसी समेत बीच के स्टेशनों पर रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों की परेशानी का मुद्दा उठाया है। कहा कि दैनिक वरुणा एक्सप्रेस से रोजाना हजारों यात्री विभिन्न स्टेशनों की यात्रा कर रहे थे।
कोरोना संक्रमण की वजह से करीब एक वर्ष पहले दोनों ट्रेनों को बंद कर दिया गया। दोनों ट्रेनों के बंद होने से सुबह से दोपहर तक लखनऊ जाने के लिए सुल्तानपुर से कोई ट्रेन नहीं है। इसकी वजह से रोजाना सफर करने यात्रियों को परेशानी हो रही है।
उन्होंने परेशानी को रेलवे बोर्ड के चेयरमैन से दोनों ट्रेन संचालित करने की अपेक्षा की है। सांसद प्रतिनिधि रणजीत कुमार ने बताया कि सांसद ने बृहस्पतिवार को ही पत्र भेजा है।
अंडरपास के लिए डीआरएम ने भेजा साढ़े तीन करोड़ का एस्टीमेट
सुल्तानपुर। भाजपा सांसद मेनका गांधी की ओर से सुल्तानपुर-जफराबाद रेलवे लाइन पर कामतागंज के पास स्थित 67 सी मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास बनाने के लिए पूर्व रेल मंत्री को लिखे गए पत्र को विभाग ने संज्ञान में लिया है।
पूर्व रेल मंत्री रेल के निर्देश पर डीआरएम ने अंडरब्रिज निर्माण के लिए करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये का एस्टीमेट नार्दन रेलवे बड़ौदा हाउस को भेजा है। मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि अंडरपास का निर्माण होने से रमऊ का पूरा, पूरे बाघराय, भरथीपुर, लाखीपुर समेत अन्य गांवों को फायदा मिलेगा। (संवाद)