सुल्तानपुर। दुकान से रविवार शाम घर जा रहे सराफा व्यापारी की आंख में मिर्च झोंक बदमाशों ने जेवरात से भरा बैग लूट लिया। पुलिस स्टेशन से चंद कदम की दूरी पर हुई घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका।
यह घटना बल्दीराय निवासी अग्रदीप अग्रहरि के साथ हुई। क्षेत्र के पारा बाजार में स्थित सराफा की दुकान बंद क अग्रदीप रविवार की देर शाम जेवरातों से भरा बैग लेकर बाइक से घर जा रहा था। वलीपुर चौकी से चंद कदम की दूरी पर बिरधौरा के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने व्यापारी अग्रदीप की आंख में मिर्च का पाउडर डालकर जेवरात से भरा बैग लूट लिया। कारोबारी ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसे पीटा भी। सूचना सीओ राजाराम चौधरी व थानाध्यक्ष प्रभाकांत तिवारी मौके पर पहुंचे और छानबीन की। करीब ढाई लाख के जेवरात की लूट की सूचना पर एसपी डॉ. विपिन मिश्र भी घटना स्थल पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।