सुल्तानपुर। पंजाब में रेल ट्रैक के साथ हाईवे पर भी किसानों का प्रदर्शन लगातार चल रहा है। किसानों के प्रदर्शन का असर लुधियाना-जम्मू रेल खंड पर रेल यातायात पर पड़ा है। किसानों के धरने की वजह से कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। कई ट्रेनों को निरस्त किया जा चुका है। कुछ ट्रेनों का रूट डायवर्जन किया गया है।
इसी क्रम में जम्मूतवी से हावड़ा तक चलने वाली हिमगिरि डाउन एक्सप्रेस का जालंधर से लुधियाना के बीच रूट डायवर्जन किया गया। यह ट्रेन जालंधर से लोहिया खास वाया नकोदर होते हुए लुधियाना के रास्ते से रवाना की गई। रूट डायवर्जन किए जाने से हिमगिरि डाउन एक्सप्रेस का संचालन विलंब से किया गया।
इस वजह से हिमगिरि डाउन एक्सप्रेस सोमवार को तय समय से करीब पांच घंटे से अधिक विलंब से सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन के संचालन में विलंब से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना ने बताया कि किसानों के प्रदर्शन से हिमगिरि एक्सप्रेस का रूट डायवर्जन किया गया था। इस वजह से ट्रेन लेट हुई।