सुल्तानपुर। लंबे समय से बंद जूनियर हाईस्कूलों में मंगलवार से भौतिक रूप से कक्षाओं का संचालन होगा। ग्रामीण क्षेत्र के परिषदीय जूनियर हाईस्कूलों में अव्यवस्थाओं व जलभराव के बीच छात्र-छात्राओं को परेशान होना पड़ेगा। कई स्कूलों के परिसर में जलभराव है तो कुछ के रास्ते पर पानी भरा है।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की वजह से मार्च से ही विद्यालयों में शिक्षण कार्य बाधित है। परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में ऑनलाइन पढ़ाई नाम मात्र की ही हो पा रही है। ग्रामीण अंचल के विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के पास न एंड्रायड फोन है और न ही टेलीविजन की सुविधा है।
शासन के निर्देश पर मंगलवार से कक्षा छह से आठ तक के विद्यालयों में कक्षाएं भौतिक रूप से शुरू होनी हैं। लंबी अवधि से विद्यालय बच्चों के लिए बंद होने के कारण परिसर में तमाम अव्यवस्थाएं हैं। बारिश की वजह से जलभराव की समस्या हो गई है। कई स्कूलों में झाड़-झंखाड़ व घास उग आई है। कुछ विद्यालयों में बारिश के कारण छतों के टपकने की भी समस्या है। जूनियर हाईस्कूलों में ज्यादातर समस्या जलभराव को लेकर है।
बरसात के पानी से होकर गुजरेंगे बच्चे
कुड़वार क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय लंगड़ी के सामने जलभराव हो गया है। यहां अध्ययनरत 170 बच्चों को पानी से होकर विद्यालय में प्रवेश करना होगा। प्रधानाध्यापक सुल्तान अहमद ने बताया कि विद्यालय में कुल पांच शिक्षक कार्यरत हैं। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात के सीजन में तालाब में पानी भर जाता है। तालाब के उफनाने से विद्यालय परिसर भी लबालब हो जाता है।
कांकरकोला स्कूल में उगी जंगली घास
बल्दीराय क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय कांकरकोला में बारिश की वजह से जंगली घासें उगी हुई हैं। घासों को साफ नहीं कराया गया है। मंगलवार से विद्यालय बच्चों के लिए खुल रहे हैं। ऐसे में परिसर में घास व झाड़-झंखाड़ से बच्चों को दिक्कतें होंगी। प्रधानाध्यापक महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि लगातार बारिश की वजह से घास साफ कराने में व्यवधान उत्पन्न हुआ है। जल्द ही परिसर को साफ करवा दिया जाएगा।
घास के बीच जहरीले जंतु का खतरा
बल्दीराय क्षेत्र के हलियापुर में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में बारिश की वजह से घासें उगी हैं। इन घासों के बीच जहरीले जंतु भी हो सकते हैं। मंगलवार से खुल रहे विद्यालय में आने वाले बच्चों को यहीं से होकर गुजरना होगा। सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से नौनिहालों पर खतरा बना हुआ है। प्रधानाध्यापक राजेंद्र सिंह ने बताया कि बारिश की वजह से घास उग गई हैं। बारिश रुकते ही घास को साफ करवाया जाएगा।
सफाई व जलनिकासी की कराएं व्यवस्था
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीवान सिंह यादव ने बताया कि सभी प्रधानाध्यापकों व खंड शिक्षाधिकारियों को पूर्व में ही निर्देश जारी किए गए थे कि विद्यालय परिसर की साफ-सफाई व जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराएं। जिन विद्यालयों में अव्यवस्था है, उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाय। लापरवाही बरतने पर संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।