सुल्तानपुर। शहर के फोरलेन निर्माण में रोड़ा बनी कोतवाली नगर की बाउंड्रीवाल आखिर में ढहा दी गई। काम रुकने पर अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस विभाग ने बुधवार की रात बाउंड्रीवाल हटवाते हुए निर्माण का रास्ता दे दिया है। दीवार हटने से फोरलेन निर्माण कार्य में गति आने के आसार जताए जा रहे हैं।
अमहट से बस स्टेशन तक करीब 11 करोड़ से निर्माणाधीन फोरलेन के कार्य में कोतवाली नगर की बाउंड्रीवाल बाधा बनी थी। पिछले दिनों पीडब्ल्यूडी ने फोरलेन के रास्ते में आ रही राजकीय इंटर कॉलेज की बाउंड्रीवाल को ढहवा कर नई बाउंड्रीवाल का निर्माण करवा दिया था। अभी बाउंड्रीवाल के प्लास्टर का कार्य चल रहा है। इसके बाद कोतवाली नगर की बाउंड्रीवाल निर्माण में बाधा बनी थी। पीडब्ल्यूडी की सूचना पर बुधवार को पुलिस विभाग ने स्वयं कोतवाली नगर की बाउंड्रीवाल जेसीबी लगवा कर ढहवा दी। पुलिस विभाग ने दीवार का मलबा हटवाते हुए कोतवाली के अंदर रखे गए सीज वाहनों को शिफ्ट करने का कार्य शुरू कर दिया है।
वाहनों के शिफ्ट होने के बाद अमहट-बस स्टेशन फोरलेन का रास्ता साफ हो जाएगा। बाउंड्रीवाल की वजह से अभी तक जीआईसी व कोतवाली नगर के सामने सड़क के चौड़ीकरण के लिए मिट्टी की खोदाई व गिट्टी आदि की कुटाई का कार्य रुका था। दीवार हटने से अब फोरलेन के निर्माण कार्य में गति आने के आसार जताए जा रहे हैं। अवर अभियंता सीडी मिश्र ने बताया कि बुधवार की रात पुलिस विभाग ने अपनी बाउंड्रीवाल स्वयं हटवा ली है। वाहनों के शिफ्ट होते ही कार्य शुरू हो जाएगा।