सुल्तानपुर। कस्बे में स्थित बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में आधार कार्ड बनवाने के लिए शुक्रवार को आवेदकों की भारी भीड़ रही। भीड़ बढ़ने पर आवेदकों में धक्का-मुक्की होने लगी।
इसके बाद भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। बैंक कर्मियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति सामान्य हो सकी। पुलिस की मौजूदगी में 240 आधार नामांकन फॉर्म का वितरण किया गया।
क्षेत्र में बहुत कम स्थानों पर आधार कार्ड बनाये व संशोधित किए जा रहे हैं। इस वजह से आधार कार्ड बनवाने और संशोधन कराने के लिए डाकघर व बैंकों में लोगों की भीड़ लग रही है। कस्बे के बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में भी आधार कार्ड के आवेदन जमा किए जा रहे हैं।
शुक्रवार को बैंक खुलने के पहले से ही लोग मेन गेट पर पहुंच गए। जब तक कर्मी व बैंक अधिकारी मौके पर पहुंचते भीड़ बेकाबू हो गई। बैंक कर्मियों ने फॉर्म बांटने से मना करते हुए गेट बंद कर दिया।
इस पर कुछ आवेदक भड़क गए और उन लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। शोर-शराबा बढ़ने पर बैंक की ओर से मामले की सूचना लंभुआ कोतवाली पुलिस को दी गई। बैंक की सूचना पर पुलिस ने लोगों को नियंत्रित किया।
भीड़ नियंत्रित होने के बाद करीब 240 लोगों को फॉर्म वितरित किए गए। इसके बाद काउंटर पर मौजूद कर्मी ने जब फॉर्म देने से मना कर दिया तो पुलिस ने बाकी बचे लोगों को लौटा दिया। इस संबंध में बैंक के शाखा प्रबंधक से संपर्क नहीं हो सका।