सुल्तानपुर। शहर के डाकखाना बिजली उपकेंद्र के उपभोक्ता 10 दिन तक रात के अंधेरे में रहेंगे। शहर के फोरलेन निर्माण के लिए डाकखाना उपकेंद्र लगातार रात को बंद रहेगा। यह कटौती शनिवार रात से शुरू हो गई।
शहर में पयागीपुर से गोलाघाट व अमहट से बस स्टेशन तक फोरलेन का निर्माण चल रहा है। करीब डेढ़ साल से चल रहे कार्य के बाद भी अभी तक पेड़ कटान व विद्युत लाइन शिफ्टिंग का कार्य नहीं हो सका है। कार्यदायी संस्था की सुस्ती से उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली कटौती का सामना कर रहा है। इस बार फिर विद्युत लाइन शिफ्टिंग व अन्य कार्य के लिए विद्युत वितरण ने 15 मार्च तक रात में शटडाउन की घोषणा की है। जारी सूचना के मुताबिक शनिवार रात से 15 मार्च तक रात 11 से सुबह छह बजे तक करीब सात घंटे डाकखाना उपकेंद्र बंद रहेगा।
उपकेंद्र पर शटडाउन से सिविल लाइंस, बस स्टेेशन, बढ़ैयावीर, पुलिस लाइंस, विवेकनगर समेत अन्य प्रमुख मोहल्लों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। डाकखाना उपकेंद्र बंद रहने से तकरीबन आधा शहर प्रभावित रहेगा। इस दौरान रात को विद्युत समेत अन्य कार्य कराए जाएंगे। विद्युत वितरण के अधिशाषी अभियंता प्रथम ने इसकी सूचना जारी की है। उन्होंने उपभोक्ताओं को सतर्क किया है। फिलहाल रात से लेकर सुबह तक कटौती से उपभोक्ताओं को परेशानी से गुजरना पड़ेगा।