भदैंया (सुल्तानपुर)। रंजिश में शुक्रवार की रात चचेरे भाई के परिवारीजनों ने बुजुर्ग को पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। परिवारीजन बुजुर्ग को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने पर जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत से गांव में तनाव फैल गया। पुलिस ने मृतक की बेटी की तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के सातनपुर गांव निवासी राशिद अहमद (60) शुक्रवार की देर शाम खेत से घर लौट रहे थे। रास्ते में उनके चचेरे भाई रईस अहमद के परिवारीजनों ने घेरकर लाठी-डंडे से पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। परिवारीजन राशिद अहमद को लेकर सीएचसी पहुंचे, लेकिन चिकित्सक ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे।
उसके बाद परिवारीजन उन्हें एंबुलेंस से लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। राशिद की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गौरीशंकर पाल घटना स्थल पर पहुंचे और जांच की।
एसओ ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मृतक की बेटी अफसाना बानों की तहरीर पर रईस अहमद के पुत्र जीशान अहमद समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। हत्या के पीछे रंजिश का मामला प्रकाश में आया है।
चचेरे भाई की हत्या से शुरू हुई रंजिश
भदैंया। सातनपुर निवासी अंसार अहमद के दो निकाह हुए थे। पहली पत्नी से राशिद अहमद और दूसरी से रईस अहमद थे। 13 अप्रैल 2020 को राशिद अहमद के पुत्रों व रिश्तेदारों ने क्षेत्र के सकवा नहर पुल के पास रईस अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी थी। तभी से दोनों परिवारों में रंजिश चल रही है। शुक्रवार की देर शाम रईस अहमद के पुत्र जीशान ने परिवारीजनों के साथ मिलकर राशिद अहमद की पीट-पीटकर हत्या कर दी।