सुल्तानपुर। श्रम विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को विभिन्न प्रतिष्ठानों से आठ बाल श्रमिकों को मुक्त कराया। बाल श्रमिकों से काम कराने वाले लोगों के विरुद्घ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सहायक श्रमायुक्त नासिर खान ने बताया कि बाल श्रमिकों से कार्य कराने वाले सेवायोजकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। विभिन्न प्रतिष्ठानों से मुक्त कराए गए बाल श्रमिकों को मेडिकल परीक्षण कराने के बाद बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
बाल श्रमिकों के शैक्षिक व आर्थिक पुनर्वासन की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि अब तक 37 बाल व किशोर श्रमिकों का चिह्नांकन किया जा चुका है। यह अभियान 30 अगस्त तक चलेगा। बृहस्पतिवार को चलाए गए अभियान में सहायक श्रमायुक्त नासिर खान के अलावा श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय, अनुराग त्रिपाठी, प्रकाश चंद्र, चाइल्ड लाइन के संदीप वर्मा व पुलिस के सिपाही भी शामिल रहे।