सुल्तानपुर। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर स्थित लोहरामऊ के पास बृहस्पतिवार की सुबह पूर्व बीडीसी सदस्य का शव पाया गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने निरीक्षण के बाद मौके पर मिले कागजात के आधार पर इसकी सूचना परिवारीजनों को दी। प्रथम दृष्टया मामले को सड़क हादसा माना जा रहा है।
अभियाखुर्द गांव निवासी पूर्व बीडीसी सदस्य जितेंद्र तिवारी उर्फ जीतू (35) बुधवार की रात स्कूटी से सुल्तानपुर शहर से घर से निकले थे। देर रात तक जितेंद्र घर नहीं लौटे तो परिवारीजन उनकी तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। बृहस्पतिवार की सुबह लोहरामऊ के समीप स्थित कोल्ड स्टोर के पास जितेंद्र का लहूलुहान शव पाया गया। घटना स्थल के पास स्थित एक वॉशिंग सेंटर के चौकीदार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव के पास मिले कागजात के आधार पर परिवारीजनों को सूचना दी। परिवारीजनों ने शव की शिनाख्त जितेंद्र के रूप में की। एसओ गौरीशंकर पाल ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। जितेंद्र के परिवार में पत्नी कुमुदिनी, पुत्री जाह्नवी व पुत्र आदर्श हैं। जितेंद्र तीन भाई थे। बड़े भाई नरेंद्र और छोटा भाई कौशलेंद्र मुंबई में रहते हैं। घर पर बुजुर्ग पिता अखिलानंद तिवारी, पत्नी व बच्चों के साथ जितेंद्र रहते थे। जितेंद्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।