सुल्तानपुर। पुलिस लाइन स्थित आवास में शुक्रवार की सुबह प्रशिक्षु सीओ की पत्नी का शव संदिग्ध हालात में फंदे से लटका पाया गया। मौत की जानकारी मिलते ही डीआईजी/एसपी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। देर शाम लखीमपुर खीरी से मृतका की मां और भाई परिवारीजनों के साथ पहुंचे तब पुलिस ने शव का पंचनामा करके पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। एएसपी ने बताया कि घटनास्थल से सुसाइड नोट नहीं मिला है।
प्रशिक्षु सीओ शिवम मिश्रा पुलिस लाइन के सामने स्थित रेडियो शाखा के पास बने सरकारी आवास में पत्नी मोनिका पांडेय (30) के साथ रहते थे। शुक्रवार की सुबह कमरे में मोनिका का शव फंदे से लटका मिला। यह देख शिवम मिश्रा ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। डीआईजी/एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्र, एएसपी विपुल श्रीवास्तव, सीओ कादीपुर समेत अन्य अधिकारी पहुंच गए। घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद पूरे मामले की सूचना पुलिस ने मृतका मोनिका के भाई डॉ. अभिषेक पांडेय निवासी गोला गोकर्णनाथ जनपद लखीमपुर खीरी को दी।
बहन की मौत की सूचना के बाद देर शाम लखीमपुर खीरी से डॉ. अभिषेक पांडेय अपनी चिकित्सक मां के साथ पहुंच गए। परिवारीजनों की मौजूदगी में पुलिस ने पंचनामा करके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। एएसपी विपुल श्रीवास्तव ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिवारीजनों के सदमे में होने की वजह से अभी बात करने की स्थिति में नहीं हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा।
मोनिका से सीओ ने की थी कोर्ट मैरिज
डीआईजी/एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि सीओ शिवम मिश्र ने मोनिका से सात दिसंबर 2021 को लखीमपुर खीरी में कोर्ट मैरिज की थी। मोनिका पांडेय बीएमएस की छात्रा थी। वह लखनऊ के प्रबुद्ध मेडिकल कॉलेज से बीएमएस कर रही थी। उसके परिवार में एक भाई व माता हैं। पिता की मौत हो चुकी है।