सुल्तानपुर। सूबे में सपाइयों की गुंडई थमने का नाम नहीं ले रही है। दो दिन पहले दिनदहाड़े सपा नेता व पूर्व विधायक के बेटे ने साथियों के साथ व्यवसायी को अगवा कर जमकर पीटा। गंभीर रूप से घायल व्यवसायी की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व विधायक के बेटे समेत चार नामजद व कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस तफ्तीश में जुटी है।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के वालीपुर सेवतरी गांव निवासी रमेश वर्मा की क्षेत्र के भेवतरी के पास सरिया की दुकान है। बीते 26 जुलाई को दिनदहाड़े सपा नेता व पूर्व विधायक राम रतन यादव का बेटा राम विशाल यादव निवासी बगिया गांव, पूर्व विधायक का चालक राहुल, श्याम यादव, विजय यादव समेत कई अन्य लोग व्यवसायी रमेश वर्मा की दुकान पर पहुंच गए। पूर्व विधायक के बेटे ने हॉकी व डंडे से उसे पीटा।
व्यवसायी को पीटने के बाद पूर्व विधायक के बेटे ने उसे दुकान से खींचकर जीप में बैठा लिया और उसे लेकर विधायक निवास बगिया चौराहे पर पहुंच गया। विधायक निवास पर भी व्यवसायी को पीटा गया। घंटों बंधक रहने के बाद किसी तरह से व्यवसायी छूटा। पीड़ित व्यवसायी की तहरीर पर जयसिंहपुर कोतवाली में पूर्व विधायक रामरतन यादव के बेटे राम विशाल यादव समेत चार नामजद व कई अज्ञात के खिलाफ बंधक बनाकर मारने-पीटने का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस बाबत जयसिंहपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर रामजी चौधरी ने बताया कि घटना के पीछे रंजिश का मामला प्रकाश में आया है।