बल्दीराय/वलीपुर (सुल्तानपुर)। दोस्त के घर पहुंचे एक युवक को पड़ोसियों ने गोली मार दी। गोली युवक के पैर में लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। ग्रामीणों ने घायल युवक को सीएचसी पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दो युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। मामला स्थानीय थाना क्षेत्र के उल्लहवा गांव का है।
बल्दीराय थाना क्षेत्र के भवानीगढ़ निवासी राम बहादुर यादव (35) पुत्र सुकई रविवार दोपहर कूरेभार थाना क्षेत्र के राहुल पांडेय के साथ बल्दीराय क्षेत्र के उल्लहवा गांव निवासी दोस्त टिंकू के घर गया था। दोपहर बाद राम बहादुर यादव और राहुल अपने दोस्त टिंकू के साथ उसके घर के बाहर चारपाई पर बैठे थे। तभी टिंकू के पड़ोसी काली प्रसाद उर्फ मुन्ना व राजन उर्फ राजेंद्र पिस्टल लेकर वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
पैर में गोली धंसने से राम बहादुर यादव वहीं गिर पड़ा जबकि दोनों हमलावर भाग गए। टिंकू के परिवारीजनों ने राम बहादुर को सीएचसी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक टिंकू का अपने पड़ोसियों से विवाद चल रहा है। इसी रंजिश ने पड़ोसियों ने हमला किया।
इस बाबत बल्दीराय थाना प्रभारी सुनील वाजपेयी ने बताया कि राम बहादुर की तहरीर पर काली प्रसाद और राजन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।