युवक के अपहरण की गुत्थी को पुलिस ने चौथे दिन सुलझाते हुए शव बरामद कर लिया है। हत्या में शामिल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने मामले का खुलासा किया है। हत्या पांच लाख रुपये की लालच में पांच लोगों ने मिलकर की थी।
कोतवाली नगर क्षेत्र के करौंदिया निवासी अतीक शेख कुड़वार नाका के पास कॉपी-किताब की दुकान करते हैं। बीते शुक्रवार को अतीक शेख का छोटा बेटा कासिफ (30) अचानक घर से लापता हो गया था। पुलिस ने कासिफ के भाई मंसूर की तहरीर पर फहीम, गुड्डू, अंजनी शुक्ला उर्फ सोनू समेत चार के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस सोनू और गुड्डू को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। पूछताछ के दौरान अंजनी शुक्ला ने बताया था कि कासिफ की हत्या पांच लाख रुपये की लालच में की गई है।
गुमराह करने के लिए स्टैंड पर खड़ी की बाइक
सुल्तानपुर। कासिफ की हत्या के बाद उसकी बाइक को हत्यारों ने रेलवे स्टेशन के स्टैंड में खड़ी कर दिया था। ताकि परिवारीजनों को लगे की कासिफ बिना बताए कहीं चला गया है। कुछ दिन लोग तलाश करेंगे और फिर बाद में मामला शांत हो जाएगा। सोमवार को परिवार के लोगों ने रेलवे स्टेशन के स्टैंड से बाइक को बरामद कर लिया था।