केएनआईटी में ड्यूटी पर तैनात प्लाटून कमांडर समेत तीन लोगों की पूर्व मंत्री के पीआरओ ने साथियों के साथ पिटाई कर दी। पिटाई से नाराज होमगार्ड तकनीकी संस्थान पर ड्यूटी का बहिष्कार कर कोतवाली पहुंच गए। होमगार्डों की मांग थी कि हमले में शामिल आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए।
कोतवाली नगर क्षेत्र के पांचोपीरन कस्बे के निकट केएनआईटी में प्लाटून कमांडर अरविंद कुमार सिंह समेत 14 होमगार्डों की ड्यूटी लगाई गई है। तहरीर के मुताबिक शनिवार की देर शाम पूर्व मंत्री विनोद सिंह के पीआरओ रहे अखंड प्रताप सिंह व अनिल कुमार समेत पांच लोग हाथ में तमंचा व हॉकी लेकर पहुंचे।
गेट पर तैनात प्लाटून कमांडर ने बिना इजाजत उन्हें अंदर घुसने से मना कर दिया। इससे नाराज अखंड प्रताप सिंह और उनके साथियों ने प्लाटून कमांडर अरविंद कुमार सिंह, होमगार्ड गया प्रसाद मौर्य व जयशंकर प्रसाद की पिटाई शुरू कर दी। प्लाटून कमांडर की पिटाई से नाराज केएनआईटी में ड्यूटी पर तैनात सभी होमगार्ड ड्यूटी का बहिष्कार कर कोतवाली नगर पहुंच गए।
प्लाटून कमांडर और अन्य होमगार्ड पर हुए हमले से नाराज होमगार्डों ने जिले भर में लगाई गई ड्यूटी का बहिष्कार किए जाने की घोषणा की है। होमगार्डों की मांग है कि जब तक घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती वे ड्यूटी पर नहीं लौटेंगे। प्लाटून कमांडर अरविंद कुमार सिंह ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
जिला होमगार्ड कमांडेंट एके सिंह ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात प्लाटून कमांडर समेत तीन लोगों की पिटाई की गई है। वे अभी बाहर हैं। प्लाटून कमांडर को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को कहा है।