दो युवकों की शिकायत पर कार्रवाई
- फोटो : अमर उजाला
सेना भर्ती के नाम पर ठगी करने वाले दो युवकों को सोमवार की सुबह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दो युवकों ने आरोपियों पर नौ लाख पांच हजार रुपये की ठगी का आरोप लगाया था। इलाहाबाद के थाना पूरामुफ्ती चायल के गांव रघुवर का पूरा अहमदपुर पावन निवासी दीपक सिंह पटेल ने 24 सितंबर को थानाध्यक्ष प्रह्लाद सिंह को शिकायती पत्र दिया था।
शिकायती पत्र के मुताबिक अमेठी जिले के थाना क्षेत्र संग्रामपुर के गांव पूरे राम चरन पांडेय का पुरवा मजरे बडग़ांव निवासी अशोक कुमार ऊर्फ बब्बू पांडेय ने सेना भर्ती के नाम पर अपने सहयोगी प्रतापगढ़ कोहडौर थाना क्षेत्र के गांव पूरे मनिकंठ दूबे का पुरवा निवासी कुलदीप दूबे, इलाहाबाद के प्रयाग निवासी शिवदत्त पांडेय, सुनीता पांडेय, विपिन पांडेय और आदित्य पांडेय निवासीगण पूरे राम चरन पांडेय का पुरवा मजरे बडग़ांव ने छह किस्तों में उससे 5.50 लाख रुपये ले लिए थे।
आज तक न उसे नौकरी मिली और न ही रुपये वापस किए गए। आरोप है कि पैसा मांगने पर अशोक पांडेय ने जान से मारने की धमकी दी थी। वहीं जनपद सुल्तानपुर कोतवाली के गांव महादेवा निवासी आशीष सिंह ने आरोपियों पर सेना भर्ती के नाम पर दो किस्तों में तीन लाख 55 हजार रुपये ठगी का आरोप लगाया था। पीड़ितों की सूचना पर पुलिस ने 24 सितंबर को केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सोमवार भोर में मुख्य आरोपी अशोक पांडेय और कंप्यूटर से कॉल लेटर बनाने वाले आरोपी अमेठी कोतवाली क्षेत्र के गांव कोहरा निवासी संतोष पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष प्रह्लाद सिंह ने बताया कि सोमवार दोपहर बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।