छात्रा से छेड़छाड़, विरोध करने पर पीटा
सुल्तानपुर। कॉलेज से घर लौट रही साइकिल सवार छात्रा से शोहदों ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उन्होंने छात्रा के साथ मारपीट की। छात्रा की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद व सात अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
यह घटना कादीपुर क्षेत्र में बीकॉम की एक छात्रा के साथ हुई। एक गांव की रहने वाली छात्रा शुक्रवार को दोपहर बाद ढाई बजे साइकिल से घर लौट रही थी। जगदीशपुर गांव के पास सात-आठ युवकों ने उसे रोक लिया और छेड़छाड़ की। छात्रा ने विरोध किया तो युवकों ने उसके साथ मारपीट की। राहगीरों की मदद से छात्रा कादीपुर कोतवाली पहुंची और घटना की तहरीर दी। प्रभारी कोतवाल अरविंद पांडेय के मुताबिक बनकेगांव निवासी अमन यादव व सात अज्ञात के खिलाफ छेड़छाड़ व मारपीट का केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।