सराफ को नशीला पदार्थ सुंघाकर पौने चार लाख के जेवरात की लूट
सुल्तानपुर। एक सराफ को नशीला पदार्थ सुंघाकर पौने चार लाख रुपये कीमत के जेवरात लूटने का मामला प्रकाश में आया है। सराफ की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पीड़ित व्यवसायी ने सोमवार देर शाम घटना की तहरीर कोतवाली में दी है।
यह घटना लंभुआ कस्बा निवासी घनश्याम बरनवाल के साथ हुई। घनश्याम की बैंक आफ बड़ौदा के समीप सराफ की दुकान है। शनिवार दोपहर वह दुकान पर अकेले ही थे, तभी एक युवक पहुंचा। युवक ने घनश्याम से सोने के दाने खरीदने की बात की। घनश्याम ने सोने के दाने निकालकर युवक को दिखाया। इस दौरान युवक ने दो हजार रुपये का एक नोट निकालकर घनश्याम का सुंघा दिया।
घनश्याम के मुताबिक नोट सूंघने के बाद वह बेहोश हो गए। यह देख युवक ने दुकान के काउंटर में रखी सोने की चेन व अंगूठियों के डिब्बे लेकर फरार हो गया। घनश्याम को जब होश आया तो उन्हें जेवरात गायब मिले। काफी खोजबीन के बाद भी उन्हें जेवरात नहीं मिले। सोमवार देर शाम व्यापारी ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी। लूटे गए जेवरात की कीमत करीब पौने चार लाख रुपये बताई गई है। प्रभारी निरीक्षक आशुतोष मिश्र ने बताया कि मामला संज्ञान में है। व्यापारी के साथ हुई घटना की जांच की जा रही है।