रानी की सराय। शेख रहमत इंटर कालेज रानी की सराय में गणित पढ़ाने वाला अध्यापक चंद्रशेखर यादव कालेज के बाहर संचालित अपने कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाली छात्राओं को प्रेमजाल में फांसकर उनका अश्लील वीडियो बनाता था। जिसके जरिए वह छात्राओं को ब्लैक मेल भी करता था। छात्राएं लोकलाज के भय से शांत थी। इसकी जानकारी कोचिंग में पढ़ने वाले कुछ छात्रों को हुई तो उन्होंने छात्राओं के साथ अभद्रता करते हुए शिक्षक का वीडियो बनाकर रविवार को वायरल कर दिया। मामला संज्ञान में आने पर मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक रानी की सराय शिवशंकर सिंह ने तहरीर देकर अध्यापक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। उधर वीडियो सार्वजनिक होते ही सोमवार को चंद्रशेखर यादव फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक रानी की सराय शिवशंकर सिंह के मुताबिक रानी की सराय थाना क्षेत्र के जमालपुर बेलखेड़ा आवंक सिरसाल गांव निवासी चंद्रशेखर यादव रानी की सराय कस्बे के पास स्थित शेष रहमत इंटर कालेज में गणित का अध्यापक था। वह कालेज के बाहर एक व्यक्ति के मकान को किराए पर लिया हुआ था। यहीं पर स्कूल की छुट्टी होने के बाद हाईस्कूल, इंटरमीडिएट तक के छात्र-छात्राओं को कोचिंग पढ़ाता था। कोचिंग में कालेज के अलावा आसपास के कालेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं भी पढ़ रहे थे। पुलिस के मुताबिक चंद्रशेखर यादव शाम पांच बजे कोचिंग बंद कर देता था। इस दौरान अन्य छात्र-छात्राओं को घर भेज देता और एक या दो छात्राओं को स्पेशल टिप्स देने के लिए रोक लेता। कोचिंग सेंटर खाली हो जाने के बाद इन छात्राओं से अश्लील हरकत करके उनका वीडियो बना लेता था। जिसके जरिए उन्हें ब्लैकमेल करता था। अब तक की जांच पड़ताल के दौरान पता चला है कि चंद्रशेखर यादव द्वारा 25 से अधिक लड़कियों के साथ इस प्रकार का कृत्य किया जा चुका है। छात्राओं के मुताबिक सभी शिक्षक की हरकत से परेशान थी, लेकिन उनका वीडियो तैयार होने की वजह से हिम्मत नहीं जुटा पाती थीं। परेशान छात्राओं के जरिए इसकी जानकारी अन्य लड़कों को हुई तो वे चंद्रशेखर की हरकतों का पूरा वीडियो तैयार कर उसे वायरल कर दिया। रविवार को सोशल साइटों पर वायरल हुए इस वीडियो की जानकारी मंगलवार को पुलिस को हुई तो शिक्षक के विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
चंद्रशेखर यादव हमारे कालेज में गणित का अध्यापक था, वह कालेज गेट पर किराए का कमरा लेकर कोचिंग भी चलाता था। रविवार को उसके हरकतों की जानकारी होने पर उसे कालेज से निकाल दिया गया। घटना के संबंध में हमारे तरफ से भी थाने में तहरीर दी गई है। - इसरार अहमद, प्रबंधक, शेख रहमत इंटर कालेज/पूर्व ब्लाक प्रमुख रानी की सराय
मामला संज्ञान में आने पर रानी की सराय थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सोमवार की शाम को ही आरोपी शिक्षक चंद्रशेखर यादव अपना सामान आदि लेकर फरार हो गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल करते हुए आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। - कमलेश बहादुर, एसपीसिटी