अधिवक्ता के घर पर पथराव
क्रासर
विवेकनगर में बेटे को पीटा, सोने की चेन लूटी
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। शहर के विवेक नगर मोहल्ले में मंगलवार की देर शाम एक अधिवक्ता के घर पर शरारतीतत्वों ने पत्थरबाजी कर बेटे की पिटाई कर दी। हमलावरों ने बेटे के गले से सोने की चेन भी लूट ली। चीख-पुकार के बाद पहुंचे मोहल्लेवासियों को देखकर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने तीन नामजद समेत 10 अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के विवेक नगर निवासी अधिवक्ता सूर्य प्रताप तिवारी का मकान है।अधिवक्ता सूर्य प्रताप तिवारी के बेटे शिवाकांत तिवारी एक दवा कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार की देर शाम शिवाकांत बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में विवेक नगर चौराहे के पास एक बाइक से उनकी टक्कर हो गई। शिवाकांत ने इसका विरोध किया तो युवक उन्हें धमकी देते हुए चला गया। शिवाकांत जैसे ही घर पहुंचे तो 12-13 युवक हाथ में हॉकी, डंडा और पत्थर लेकर वहां पहुंच गए। युवकों ने अधिवक्ता के घर पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पत्थरबाजी में शिवाकांत को चोट लग गई। इस दौरान एक युवक ने शिवाकांत के गले से सोने की चेन लूट लिया। शिवाकांत के विरोध करने पर युवकों ने उन्हें जान से मार डालने की धमकी भी दी। सूचना पाते ही वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार शुक्ल समेत करीब 50 अधिवक्ता कोतवाली पहुंच गए। शिवाकांत ने तीन युवकों को नामजद करते हुए 10 अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।