अश्लील मैसेज मामले में केजीबीवी की वार्डन बर्खास्त
क्रासर
बेसिक शिक्षा विभाग के ग्रुप में किया था पोस्ट
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकृत वाट्स एप ग्रुप में अश्लील मैसेज पोस्ट करने के मामले में केजीबीवी की एक वार्डन की सेवा बीएसए ने समाप्त कर दी है। बीते दिनों जांच रिपोर्ट में वार्डन की लापरवाही की पुष्टि होने पर यह कार्रवाई की गई।
जिले में संचालित एक ब्लॉक के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की वार्डन के मोबाइल से पिछले दिनों बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकृत वाट्स एप ग्रुप पर अश्लील फोटो पोस्ट हुई थी। मामले में बीएसए कौस्तुभ कुमार सिंह ने जांच समिति गठित की थी। जांच समिति की रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ कि वार्डन की ओर से ही अश्लील फोटो पोस्ट हुआ था। बीएसए ने कहा कि जिस पर 100 बच्चियों की देखरेख का जिम्मा हो, उसकी ओर से इस तरह की हरकत अक्षम्य है। वार्डन की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है।