9.10. लंभुआ में घटना के बाद शोकाकुल परिवारीजन व पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : SULTANPUR
लंभुआ (सुल्तानपुर)। भदैंया गांव में बुधवार की सुबह जमीन के विवाद में सगे भाइयों ने भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। चीख-पुकार के बाद पहुंची पत्नी और बेटी पर भी हमलावरों ने फावड़े से लहूलुहान कर दिया। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीन सगे भाई और भतीजे के खिलाफ केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के भदैंया गांव के पूरे नथऊ पुरवा में अतिबल मकान बनाकर सपरिवार रहते हैं। अतिबल का अपने भाई प्रेम, अच्छेलाल व जियालाल से एक भूखंड को लेकर विवाद चल रहा है। भूखंड के स्वामित्व को हल करने के लिए कई बार पंचायत हुई थी, लेकिन समाधान नहीं निकला। बुधवार को एक बार फिर से विवाद को सुलझाने के लिए सभी के बीच में बात हुई थी। बुधवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे अतिबल विवादित भूमि के पास मौजूद थे। तभी भाई प्रेम, अच्छेलाल, जियालाल और भतीजे शिवम् ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अतिबल की चीख-पुकार सुनकर पत्नी सावित्री (35) व बेटी अनामिका (16) उन्हें बचाने पहुंच गईं। इस बीच हमलावरों ने सावित्री और अनामिका को फावड़े व डंडे से मारकर कर लहूलुहान कर दिया।
ग्रामीणों ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सावित्री को मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल में अतिबल और अनामिका का उपचार चल रहा है। एसएसआई अखिलेश सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर प्रेम को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।