सुल्तानपुर। दो पक्षों में विवाद की जानकारी करने कूरेभार थाने पहुंचे भाजपा नेता की दो दरोगाओं ने पिटाई कर दी। पिटाई के दौरान मोबाइल व चश्मा टूट गया। उसके बाद भाजपा नेता को हवालात में डाल दिया। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सांसद और सुल्तानपुर विधायक ने डीआईजी/एसपी से शिकायत की। डीआईजी ने जांच के बाद दोनों दरोगाओं को निलंबित कर दिया है।
भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष बृज भूषण मिश्र शुक्रवार को एक विवाद के मामले में पैरवी करने कूरेभार थाने में पहुंचे थे। बृज भूषण मिश्र के अनुसार क्षेत्र के शिवनगर निवासी अभय राज प्रजापति के बच्चों का गांव के ही अन्य बच्चों से विवाद हुआ था। अभयराज उनके पास पहुंचे और पुलिस उत्पीड़न की बात कही थी। शुक्रवार को बृजभूषण कूरेभार थाने पहुंचे और क्षेत्रीय दरोगा जीतलाल सरोज से घटना की जानकारी मांगी। इससे नाराज दरोगा जीतलाल सरोज और दूसरे दरोगा राजेश राव ने बृजभूषण को लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया। थाने में मौजूद किसी पुलिस कर्मी ने उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की।
पिटाई के दौरान दोनों दरोगाओं ने उनका मोबाइल और चश्मा तोड़ डाला। उसके बाद उन्हें हवालात में डाल दिया। घटना की जानकारी होते ही भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने मामले की सूचना फोन से सांसद मेनका गांधी और सुल्तानपुर के भाजपा विधायक विनोद सिंह को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद और विधायक ने तत्काल फोन से डीआईजी/एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्र को अवगत कराया। डीआईजी/एसपी ने जांच के बाद दरोगा जीतलाल सरोज और राजेश राव को निलंबित कर दिया।