कुड़वार/गोसाईंगंज (सुल्तानपुर)। कुड़वार कस्बे में बृहस्पतिवार की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। उधर गोसाईंगंज इलाके में कार की टक्कर से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
कुड़वार कस्बे में हुए हादसे की राहगीरों सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटना के शिकार हुए युवक के कपड़ों की तलाशी ली तो एक पहचान पत्र मिला। पहचान पत्र के जरिए उसकी शिनाख्त शिवकुमार (32) पुत्र राम उजागिर निवासी केवटली थाना बल्दीराय के रूप में हुई।
पुलिस की सूचना के बाद पहुंचे परिवारीजनों ने शव की पहचान की। युवक को टक्कर मारने वाले वाहन के बारे में जानकारी नहीं हो सकी। उधर कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के बबुरी गांव निवासी सुमित कुमार (25) शुक्रवार को बाइक से सुल्तानपुर शहर जा रहा था।
रास्ते में गोसाईंगंज क्षेत्र के बांसगांव के पास तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल सुमित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने टक्कर मारने वाली कार को कब्जे में ले लिया है।