सुल्तानपुर। जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन को बृहस्पतिवार की रात ड्यूटी के दौरान इमरजेंसी कक्ष में एक युवक ने पीट दिया। चिकित्सक की पिटाई से नाराज मरीजों के तीमारदारों ने आरोपी की धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। सीएमएस की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चिकित्सक की तहरीर पर केस दर्ज कर शुक्रवार को जेल भेज दिया।
जिला अस्पताल में वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. एससी गुप्ता की बृहस्पतिवार की रात आठ बजे इमरजेंसी में ड्यूटी थी। इस दौरान एक युवक शराब के नशे में इमरजेंसी कक्ष में पहुंच गया। डॉ. गुप्ता इमरजेंसी में पहुंचे और मरीजों को उनके बेड के पास जाकर देख रहे थे। जब वे वापस अपनी कुर्सी पर पहुंचे तो उस पर युवक बैठा हुआ था। डॉ. एससी गुप्ता ने युवक से कुर्सी छोड़ने को कहा तो उसने डॉक्टर को थप्पड जड़ दिया। अचानक हुई इस घटना से सभी स्तब्ध रह गए। इमरजेंसी कक्ष में मौजूद मरीजों के तीमारदारों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी धुनाई शुरू कर दी।
सूचना के बाद पहुंचे सीएमएस डॉ. एससी कौशल ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंची। सीएमएस ने बताया कि शुक्रवार को चिकित्सक के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर उन्होंने एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्र से भी बात की है। नगर कोतवाल राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि चिकित्सक की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसका चालान कोर्ट भेज दिया गया है।