सुल्तानपुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेले में रविवार को 1846 लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। मेले में 110 गोल्डन कार्ड भी बनाए गए। इसके साथ ही संदिग्ध लोगों की कोविड जांच भी कराई गई।
शासन की ओर से प्रत्येक रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत जिले के 45 पीएचसी पर आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। सभी पीएचसी पर लगे मेले में 1846 लोगों का पंजीकरण करके उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके बाद उन्हें उपचार संबंधी दवाएं दी गईं। इसमें 778 पुरुष व 831 महिलाएं शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुुताबिक मेले में आयुष्मान योजना के 110 गोल्डन कार्ड बनाए गए। 432 की कोविड स्क्रीनिंग व संदिग्ध 210 लोगों की कोरोना जांच की गई। विभाग के मुताबिक मेले में 82 चिकित्सकों व 421 पैरामेडिकल स्टाफ को ड्यूटी पर लगाया गया था। लोगों के परीक्षण के दौरान गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को जांच व इलाज के संबंध में सलाह दी गई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मेले का अधिकारियों ने जायजा लिया।