लंभुआ में दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त टूरिस्ट बस।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। तेलंगाना के तीर्थयात्रियों से भरी टूरिस्ट बस बृहस्पतिवार की भोर में एक पिकअप से टकरा गई। हादसे में बस में सवार 26 तीर्थ यात्री घायल हो गए। पुलिस की मदद से घायल यात्रियों को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने 12 लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
तेलंगाना के लोग टूरिस्ट बस से तीर्थ यात्रा पर निकले थे। बस में 28 लोग सवार थे। बुधवार की रात अयोध्या से तीर्थ यात्रियों का यह दल काशी (वाराणसी) के लिए रवाना हुआ था। बृहस्पतिवार की भोर में करीब साढ़े तीन बजे यह टूरिस्ट बस निर्माणाधीन सुल्तानपुर-वाराणसी फोरलेन से होकर गुजर रही थी। बेदूपारा गांव के पास बस का पहिया पंक्चर होने के कारण पहले से खड़ी पिकअप जीप से टकरा गई। टक्कर से बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी 26 घायलों को एंबुलेंस व कोतवाली पुलिस के वाहन से लंभुआ सीएचसी भेजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद 12 तीर्थ यात्रियों की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। तीर्थ यात्रियों के अलावा जीप चालक व लखनऊ के नादरगंज मोहल्ला निवासी मो. अनीस को भी चोटें आई हैं।
रेफर किए गए घायल
बेदूपारा के पास हुए हादसे में जिला अस्पताल रेफर किए गए तीर्थ यात्रियों में पद्मावती (60), वीणा (43), नागेश्वर (56), शैलेश (16), रामू (50), लक्ष्मी (52), अन्नपूर्णा (65), उपेंद्र (45), जय लक्ष्मी (42), वेंकेटेश (65), ओलास्मिता (45), वी.श्रीलक्ष्मी (42) शामिल रहे। अन्य यात्रियों का सीएचसी में ही उपचार किया गया।