सुल्तानपुर। मोतिगरपुर क्षेत्र के बागसराय गांव निवासी अजय माली (30) को शुक्रवार की रात करीब 11 बजे घर में कुछ काम करने के दौरान सांप ने डस लिया। आनन-फानन में परिवारीजन अजय को कादीपुर सीएचसी ले गए जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। शनिवार की सुबह शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस बीच अंबेडकरनगर से ग्रामीणों ने एक सपेरे को बुलाया जिसने घर से एक सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद कर दिया। परिवारीजन अजय को जिंदा होने की उम्मीद में झाड़-फूंक कराने के लिए गाजीपुर लेकर गए हैं।