सुल्तानपुर। कादीपुर क्षेत्र में मंगलवार की सुबह बरसात के दौरान एक कच्चा मकान ढह गया। मकान के मलबे में कई लोग दब गए। चीख-पुकार के बाद पहुंचे ग्रामीणों ने मलबा हटाकर मासूम समेत पांच लोगों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया।
यह हादसा क्षेत्र के कटघरा खुर्द में हुआ। गांव की रहने वाली सरस्वती (60) सोमवार की रात परिवारीजनों के साथ कच्चे मकान में सो रही थी। मंगलवार की सुबह से हो रही बरसात के दौरान उनका कच्चा मकान भर-भराकर ढह गया। मकान के मलबे में सरस्वती देवी के साथ ही राजकिशन (12), गौरव (10), महिमा (9) और नैतिक (4) दब गए। चीख पुकार के बाद पहुंचे ग्रामीणों ने मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला। ग्रामीणों की सूचना के बाद पहुंची एंबुलेंस से सभी को सीएचसी कादीपुर पहुंचाया गया। मकान गिरने से करीब एक लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। लेखपाल संदीप सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया।