बम्हैटा गांव में सोमवार सुबह सपा नेता और अधिवक्ता यशवीर यादव (35) की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने सपा नेता से रिवाल्वर और उनके प्राइवेट गनर से रायफल लूट ली।
बचाव में आए भाई का सिर तमंचे की बट मारकर फोड़ दिया। गुस्साए लोगों ने एनएच-24 पर वाहन खड़े कर आधे घंटे तक जाम लगाया। मुहल्ले के ही हिस्ट्रीशीटर मिट्ठन और उसके परिवार के पांच लोगों के खिलाफ कविनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस की पांच टीमें तलाश में जुटी हैं।
तनाव के चलते गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। वारदात की वजह रंजिश बताई जा रही है। सपा महानगर अध्यक्ष ने बताया कि सीएम ने एसएसपी को जल्द हमलावरों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। गांव वालों ने बताया कि यशवीर का मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से बेहद करीबी रिश्ता था। कुछ साल पहले अखिलेश यादव इनके घर भी आए थे।
पत्नी नीरू ने बताया कि सुबह करीब साढ़े दस बजे यशवीर नाश्ता कर कचहरी जाने की तैयारी कर रहे थे। तभी आठ-दस हथियारबंद युवक घुसे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। चार-पांच हमलावरों ने गनर की राइफल छीन ली और छोटे भाई सलेख के सिर में तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया।
इसके बाद कुछ हमलावर फर्स्ट फ्लोर पर बने उस कमरे में पहुंचे, जिसमें यशवीर नाश्ता कर रहे थे। दरवाजा तोड़कर हमलावरों ने उन पर गोलियां बरसा दीं। उन्हें कुल तीन गोलियां लगीं। हमलावर उनका लाइसेंसी रिवाल्वर भी लूटकर ले गए।
इसके बाद परिजन यशवीर को कोलंबिया एशिया अस्पताल में ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि चर्चा है कि यशवीर ने भी रिवाल्वर से फायरिंग की और हमलावरों ने लूटी गई रायफल-रिवाल्वर से ही उसकी हत्या की। परिजन 15-20 राउंड और पुलिस छह राउंड फायर होना बता रहे हैं।
एसएसपी ने बताया कि पांच लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई है, जिनमें बम्हैटा के ही मिट्ठन, मनोज, लाला, कपिल और सर्फाबाद का रहने वाला बुधपाल हैं। ये सभी एक ही परिवार के हैं। मिट्ठन कविनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर तीन हत्या समेत 10 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।